गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने गोरखपुर जंक्शन स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर यात्रियों को आध्यात्मिक अनुभूति कराने और शहर की सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने के उद्देश्य से श्री गोरखनाथ मंदिर का भव्य मॉडल स्थापित किया है। मंदिर की पारंपरिक वास्तुकला पर आधारित यह आकर्षक मॉडल सुनहरे शिखर और आधुनिक एलईडी प्रकाश व्यवस्था से सुसज्जित है, जो यात्रियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है।
रात्रि के समय विशेष प्रकाश व्यवस्था के कारण मॉडल की भव्यता और भी निखरकर सामने आती है। स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों और श्रद्धालुओं ने रेलवे की इस पहल की सराहना करते हुए इसे गोरखपुर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर तथा अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल के मार्गदर्शन में स्थापित इस मॉडल के संबंध में मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने बताया कि इसका उद्देश्य गोरखपुर जंक्शन से प्रतिदिन गुजरने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को नाथ संप्रदाय की गौरवशाली परंपरा एवं गोरखपुर की आध्यात्मिक पहचान से परिचित कराना है। रेलवे की इस पहल को यात्रियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।

No comments:
Post a Comment