बस्ती। जिले के बहादुरपुर क्षेत्र स्थित धोबहट मोड़ पर शनिवार सुबह सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना उस समय हुई जब एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक सुमन पुत्र मनोगी निवासी भेनी अपने रिश्तेदारों के यहां आया हुआ था। शनिवार सुबह करीब 9:27 बजे वह बाइक से कहीं जा रहा था। जैसे ही वह धोबहट मोड़ के पास पहुंचा, सामने से आ रही पिकअप से उसकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी। सूचना पाकर एम्बुलेंस संख्या UP32EG4418 तत्काल मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस पर तैनात ईएमटी उत्तम एवं पायलट गोविंद लाल ने घायल को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार धोबहट मोड़ पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने बताया कि तेज रफ्तार वाहनों और सड़क पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के अभाव के कारण यह स्थान दुर्घटना संभावित क्षेत्र बन गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
समय पर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध होने से घायल को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सकी, जिससे स्थिति को गंभीर होने से बचाया जा सका।

No comments:
Post a Comment