<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, June 10, 2026

बस्ती पहुंचे प्रशिक्षु अधिकारियों का भव्य स्वागत

 वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


बस्ती। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित 88वें आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के प्रशिक्षु अधिकारियों का ग्रुप-बी दल बुधवार को बस्ती पहुंचा। लखनऊ-कुशीनगर-गोरखपुर भ्रमण के बाद अयोध्या के लिए रवाना होने से पूर्व जिला प्रशासन ने उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया।

जैसे ही प्रशिक्षु अधिकारियों का दल बस्ती जनपद की सीमा में प्रवेश किया, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। जिलाधिकारी श्रीमती कृतिका ज्योत्स्ना ने शुभकामना संदेश के माध्यम से प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्य राजस्व अधिकारी (सीआरओ) कीर्ति प्रकाश भारती ने प्रशिक्षुओं के बीच जिलाधिकारी का संदेश साझा किया।

अपने संदेश में जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी कुशल लोकसेवक के लिए भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जमीनी समझ अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर परिश्रम, लगन और सही मार्ग पर चलकर ही लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य और नेतृत्व क्षमता के विकास की शुभकामनाएं दीं।

मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर भ्रमण दल की अगवानी की तथा सभी अधिकारियों का स्वागत किया। इस दौरान जिला प्रशासन द्वारा प्रशिक्षुओं के लिए अल्पाहार एवं जलपान की समुचित व्यवस्था की गई। जलपान के दौरान सीआरओ ने अपने प्रशासनिक अनुभव साझा करते हुए अधिकारियों को निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ जनसेवा करने के लिए प्रेरित किया।

लखनऊ-कुशीनगर-गोरखपुर-अयोध्या-लखनऊ रूट पर भ्रमण कर रहे इस दल में कुल 19 प्रशिक्षु अधिकारी शामिल रहे। दल का नेतृत्व विपिन कुमार द्विवेदी एवं मिथिलेश कुमार ने किया।

जिला प्रशासन द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत, उत्कृष्ट आतिथ्य और सुव्यवस्थित प्रबंधन से प्रशिक्षु अधिकारी प्रभावित नजर आए। समूह के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना एवं मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बस्ती प्रशासन का सहयोग और अपनापन उनके प्रशिक्षण काल की यादगार उपलब्धियों में शामिल रहेगा।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages