गोरखपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत रविवार को रेडियंट रिसोर्ट में गोरखपुर महानगर प्रशिक्षण वर्ग के द्वितीय दिवस के प्रथम एकादश एवं समापन सत्र का आयोजन किया गया। सत्र का विषय "कार्य विस्तार एवं चुनाव प्रबंधन" रहा, जिसमें मुख्य वक्ता पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी उपस्थित रहे। सत्र की अध्यक्षता एवं समापन सत्र का आभार ज्ञापन महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने किया।
अपने संबोधन में डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि प्रशिक्षित, अनुशासित और विचारवान कार्यकर्ता ही किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति होते हैं। सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना से प्रेरित होकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि "सशक्त कार्यकर्ता, सशक्त संगठन ही विकसित भारत की आधारशिला है।"
उन्होंने कहा कि संगठन का विस्तार केवल सत्ता प्राप्त करने के लिए नहीं, बल्कि समाज में राष्ट्र चेतना जागृत करने के लिए किया जाता है। भाजपा की एक स्पष्ट विचारधारा है और पार्टी विचारधारा से कभी समझौता नहीं करती। उन्होंने बूथ समिति को संगठन की सबसे बुनियादी और निर्णायक इकाई बताते हुए कहा कि यही नीचे से ऊपर तक पूरे संगठनात्मक ढांचे की आधारशिला है।
डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा बिना भेदभाव के "सबका साथ, सबका विकास" के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। पार्टी के लिए गरीब कल्याण और राष्ट्रहित सर्वोपरि है। भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जो अंत्योदय के सिद्धांत पर चलती है। हमारे लिए सत्ता सेवा का माध्यम है। भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण का संकल्प लेकर चलने वाली एक विचारधारा है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के बताए मार्ग पर चलते हुए पार्टी समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आज विश्व पटल पर भारत की जय-जयकार हो रही है।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, सांसद रवि किशन शुक्ला, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विश्वजीताशु सिंह 'आशू', डॉ. सत्येन्द्र सिन्हा, पूर्व अध्यक्ष राजेश गुप्ता, राहुल श्रीवास्तव, देवेन्द्र पाल, अमिता गुप्ता, विनोद पांडेय सहित महानगर पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महानगर कार्यसमिति सदस्य एवं वरिष्ठ पदाधिकारी तथा विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment