वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून 2026 तक प्रदेशव्यापी जन-जागरूकता एवं जनकल्याण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं सहायिकाओं के स्वास्थ्य, कल्याण तथा योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन, गृह विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष प्रोफेसर दिव्या रानी सिंह एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिनव कुमार मिश्रा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं सहायिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में शहर परियोजना की सुपरवाइजर सुनीता शुक्ला, क्षमा त्रिपाठी एवं तनुराधा सिंह भी उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर प्रोफेसर दिव्या रानी सिंह ने उपस्थित प्रतिभागियों को “सबसे पहले स्वयं से प्रेम” करने का संदेश देते हुए स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने दैनिक जीवन में पौष्टिक एवं संतुलित खान-पान के साथ नियमित योगाभ्यास को शामिल करने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिनव कुमार मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी दीपक मीणा एवं मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी के निर्देशन में जनपद में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा समेकित विकास के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के बेहतर स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए विश्वविद्यालय एवं जिला प्रशासन के सहयोग से इस योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान योगाभ्यास के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई। अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया तथा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

No comments:
Post a Comment