बस्ती। वामा सारथी (उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन) की अध्यक्षा के निर्देशन में रिजर्व पुलिस लाइन, बस्ती में एक दिवसीय होम्योपैथी मेडिकल कैंप, एलोपैथिक मेडिकल कैंप एवं वामा वेलनेस कैम्प स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श तथा आवश्यक होम्योपैथिक एवं एलोपैथिक दवाओं का वितरण किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन वामा सारथी की अध्यक्षा एवं पुलिस अधीक्षक बस्ती की पत्नी के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी लाइन प्रदीप कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में किया गया। पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन टीम, बस्ती द्वारा प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन एवं प्रभारी वामा सारथी सुभाष प्रजापति की उपस्थिति में आयुष विभाग उत्तर प्रदेश के सहयोग से शिविर का संचालन किया गया।
स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य संवर्धन के साथ-साथ वैकल्पिक चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से रोगों की रोकथाम एवं उपचार को बढ़ावा देना था। शिविर में बड़ी संख्या में पुलिस परिवारों ने सहभागिता कर लाभ प्राप्त किया।
कैंप में अनुभवी होम्योपैथी चिकित्सकों तथा प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों एवं अस्पतालों से जुड़े एलोपैथिक विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क परामर्श प्रदान किया। साथ ही आवश्यक औषधियों का भी वितरण किया गया। सर्दी-खांसी, जोड़ों का दर्द, त्वचा रोग, पाचन संबंधी समस्याएं एवं तनाव जनित विकारों सहित विभिन्न सामान्य बीमारियों की जांच एवं उपचार पर विशेष ध्यान दिया गया।
पुलिसकर्मियों की कठिन ड्यूटी एवं अनियमित जीवनशैली को देखते हुए होम्योपैथिक चिकित्सा के माध्यम से राहत प्रदान करने का प्रयास किया गया, वहीं एलोपैथिक चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। शिविर में शुगर, ब्लड प्रेशर सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच निःशुल्क की गईं। इसके अलावा आई ड्रॉप, जलने, कटने एवं अन्य सामान्य रोगों की दवाओं का भी निःशुल्क वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वामा सारथी संगठन द्वारा पुलिस परिवारों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई गई। पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन टीम, बस्ती ने चिकित्सकों एवं सहयोगी स्टाफ के साथ मिलकर शिविर का सफल संचालन किया। संगठन ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।

No comments:
Post a Comment