<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, June 5, 2026

जनगणना ड्यूटी में शिक्षकों पर दबाव का विरोध, उपार्जित अवकाश की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन


बस्ती। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला सह-संयोजक विजय प्रकाश चौधरी के नेतृत्व में शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों की समस्याओं से अवगत कराया। शिक्षकों ने ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान कराए जा रहे जनगणना कार्य के संबंध में शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने तथा अनावश्यक दबाव बंद कराने की मांग उठाई।
ज्ञापन में कहा गया कि शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक वर्तमान में मकान सूचीकरण एवं जनगणना कार्य में लगे हैं। शासन ने इस कार्य की अंतिम तिथि 20 जून निर्धारित करते हुए भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए सुबह एवं शाम के समय कार्य करने के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद विभिन्न स्तरों से लगातार फोन कर कर्मचारियों पर जल्द कार्य पूरा करने का दबाव बनाया जा रहा है, जिससे शिक्षकों में तनाव का माहौल है।
शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि तेज गर्मी के बीच जनगणना कार्य करते समय कई शिक्षक अस्वस्थ हो रहे हैं। ऐसे में बार-बार दबाव बनाना न केवल कर्मचारियों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि कार्य की गुणवत्ता पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। उन्होंने प्रशासन से शासन की मंशा के अनुरूप कार्य संपन्न कराने और शिक्षकों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की अपील की।
संघ ने यह भी मांग की कि ग्रीष्मावकाश में जनगणना जैसे महत्वपूर्ण शासकीय कार्यों में लगाए गए शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों को नियमानुसार उपार्जित अवकाश का लाभ प्रदान किया जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में राम भरत वर्मा, ज्ञान दास कनौजिया, इंद्रसेन मिश्रा, अजय कुमार चौधरी, गिरजा शंकर चौधरी, गंगा प्रसाद कनौजिया, सुभाष चौधरी, राम बचन, रमेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages