वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। कृषि विज्ञान केंद्र, बस्ती द्वारा खेत बचाओ अभियान–2026 के अंतर्गत विकास खंड गौर की ग्राम पंचायत रघुनाथपुर एवं मूसहा में किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देना, रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के संतुलित उपयोग को प्रोत्साहित करना तथा जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति किसानों को जागरूक बनाना था।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. वी.बी. सिंह एवं डॉ. अंजली वर्मा ने किसानों को प्राकृतिक खेती, जीवामृत, घनजीवामृत, मृदा परीक्षण, फसल अवशेष प्रबंधन तथा जल संरक्षण की आधुनिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती अपनाकर किसान उत्पादन लागत कम करने के साथ मिट्टी की उर्वरता भी बढ़ा सकते हैं।
डॉ. अंजली वर्मा ने पोषण वाटिका, श्री अन्न, संतुलित आहार तथा स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने भोजन में तेल, नमक और चीनी का सीमित उपयोग करने की सलाह देते हुए स्वस्थ परिवार और कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में किसानों को “मिट्टी बचाओ–खेत बचाओ, प्राकृतिक खेती अपनाओ”, “जल बचाओ–भविष्य बचाओ” तथा “स्वस्थ भोजन–स्वस्थ जीवन” का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर प्रधान प्रतिनिधि दिनेश श्रीवास्तव, भाजपा मंडल अध्यक्ष लवकुश शुक्ला, संजय मिश्र, प्रगतिशील किसान फूलचंद्र, देवनारायण, शिवपाल सिंह, गंगाराम चौधरी, इफको प्रतिनिधि, एडीओ कृषि, एटीएम, बीटीएम सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment