बस्ती। रेलवे स्टेशन परिसर में टेम्पो चालकों से कथित अवैध वसूली की खबर संकलित करने गए पत्रकार को धमकी देने और अभद्रता करने के मामले में इण्डियन कौंसिल ऑफ प्रेस के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक को संबोधित ज्ञापन सीओ सिटी को सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जिलाध्यक्ष दिनेश प्रसाद मिश्र ने ज्ञापन में बताया कि 3 जून को रेलवे स्टेशन परिसर में अवैध वसूली की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे थे। वहां कथित रूप से वसूली कर रहे व्यक्ति से पूछताछ करने पर विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज की, मारपीट की धमकी दी तथा उनकी बाइक की चाबी और रिपोर्टिंग डायरी छीन ली। जान का खतरा महसूस होने पर वह जीआरपी थाने पहुंचे, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि रेलवे स्टेशन परिसर में असामाजिक तत्वों द्वारा यात्रियों, टैक्सी एवं टेम्पो चालकों से नियमित रूप से अवैध वसूली की जाती है। संगठन ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा रेलवे स्टेशन परिसर को अराजक तत्वों से मुक्त कराने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान उपाध्यक्ष सौरभ वी.पी. वर्मा, विजय प्रकाश मिश्र, चित्रसेन पाण्डेय, वृजवासी शुक्ल, रंजीत उपाध्याय, तबरेज खान सहित कई पत्रकार उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment