देवरिया। आगामी नीट परीक्षा तथा मोहर्रम पर्व को सकुशल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को मंडलायुक्त अनिल ढींगरा एवं डीआईजी एस. चेनप्पा ने देवरिया में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में समय रहते पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर ली जाएं। ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए तथा जुलूस के दौरान विद्युत विभाग पूरी तरह सतर्क रहे, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि मोहर्रम जुलूस में किसी भी प्रकार के हथियारों का प्रदर्शन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा और इसका कड़ाई से पालन कराया जाए। साथ ही जुलूस के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर भी निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीआईजी एस. चेनप्पा ने सभी पुलिस क्षेत्राधिकारियों और थानाध्यक्षों को मोहर्रम के दौरान लगातार क्षेत्र में गश्त करने तथा सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पूर्व वर्षों में विवाद या अप्रिय घटनाएं हुई हैं, वहां विशेष सतर्कता बरती जाए। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बैठक में भरोसा दिलाया कि मोहर्रम पर्व को पूरी शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मस्जिदों के इमामों, ताजिया समितियों तथा पीस कमेटी के सदस्यों के साथ लगातार संवाद स्थापित कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। साथ ही आगामी नीट परीक्षा को भी निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा एवं प्रशासनिक प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।

No comments:
Post a Comment