छपरा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को छपरा जंक्शन से छपरा-दिल्ली एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मऊ-दिल्ली एक्सप्रेस तथा दोहरीघाट-औंड़िहार ट्रेन सेवा का वाराणसी सिटी तक मार्ग विस्तार भी शुरू किया गया। इस दौरान मढ़ौरा लोको प्लांट से गिनी गणराज्य को निर्यात होने वाले 51वें रेल इंजन को भी रवाना किया गया।
रेल मंत्री ने कहा कि 11 मई को दोहरीघाट में किए गए वादे को तय समय में पूरा किया गया है। उन्होंने बताया कि नई ट्रेनों से छपरा, बलिया, मऊ, आजमगढ़, जौनपुर, सुल्तानपुर, लखनऊ, कानपुर और दिल्ली के बीच बेहतर, सुरक्षित और किफायती रेल संपर्क मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बिहार में रेलवे के विकास के लिए रिकॉर्ड 10 हजार करोड़ रुपये का बजट दिया गया है। राज्य में नई रेल लाइनों, तीसरी-चौथी लाइन, आरओबी निर्माण, स्टेशन पुनर्विकास और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 98 स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। उन्होंने भविष्य में दिल्ली-लखनऊ-वाराणसी-पटना-सिलीगुड़ी बुलेट ट्रेन नेटवर्क शुरू करने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि यह दिन बिहार और छपरा के लिए ऐतिहासिक है। नई ट्रेनों से बिहार और पूर्वांचल के यात्रियों को राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। उन्होंने कहा कि बिहार में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है और राज्य के अधिकांश जिले रेल नेटवर्क से जुड़ चुके हैं।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अरविन्द कुमार शर्मा, सांसद राजीव प्रताप रूडी, जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, राजीव राय सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment