<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, June 23, 2026

जमीनी रंजिश में अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या, गांव में तनाव; पीएसी तैनात

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता



महादेवा, बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के मेहनौना गांव में पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर सोमवार की शाम हुए खूनी संघर्ष में एक अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया, जिसके चलते पुलिस प्रशासन ने एहतियातन भारी पुलिस बल और पीएसी की एक बटालियन तैनात कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेहनौना गांव निवासी 50 वर्षीय लक्ष्मण निषाद का भूमि बैनामे में गवाह बनने को लेकर दूसरे पक्ष से पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। सोमवार शाम करीब आठ बजे गांव के दक्षिण स्थित मनोरमा नदी के पास दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान लक्ष्मण निषाद को गंभीर रूप से पीटा गया, जिससे वह अचेत होकर गिर पड़े।

घटना की सूचना पर परिजन उन्हें घर ले आए और उपचार के लिए एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनहरा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मौत की खबर गांव पहुंचते ही माहौल गर्मा गया और आक्रोशित लोगों ने आरोपित पक्ष के घर पहुंचकर तोड़फोड़ कर दी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लालगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी सिटी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी गांव पहुंचे और हालात का जायजा लिया। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए गांव में भारी संख्या में पुलिस बल, पीएसी और खुफिया इकाइयों को तैनात कर दिया गया है।

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कुछ महिला एवं पुरुषों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं स्वाट टीम और क्राइम ब्रांच की टीमें घटना में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी हुई हैं।

बताया जा रहा है कि भूमि बैनामे में गवाह बनने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद और मारपीट हो चुकी थी, जिसमें पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किया गया था। उसी रंजिश की पृष्ठभूमि में सोमवार को विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक परिजनों की ओर से तहरीर देने की प्रक्रिया चल रही थी। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में पुलिस की निगरानी जारी है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages