वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत थाना सोनहा पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के आदेश तथा अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के मार्गदर्शन में 23 जून 2026 को क्षेत्राधिकारी रुधौली कुलदीप सिंह यादव के पर्यवेक्षण एवं थानाध्यक्ष सोनहा महेश सिंह के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम और एंटी रोमियो स्क्वाड ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
इस दौरान उपनिरीक्षक देवमुनी सिंह एवं महिला आरक्षी मंजू यादव द्वारा भिरिया ऋतुराज, सल्टौआ कस्बा, खैरा, बरगदवा, रुधौली मोड़, पंचमोहनी तथा सोनहा कस्बा सहित विभिन्न स्थानों पर चौपाल लगाकर महिलाओं, बालिकाओं, छात्राओं एवं पुरुषों को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी सशक्तिकरण से संबंधित कानूनों एवं अधिकारों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में भी जागरूक किया गया। उन्हें वीमेन पावर लाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस सेवा 108, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा साइबर अपराध शिकायत पोर्टल के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही थाना सोनहा के सीयूजी नंबर 9454403123 एवं मिशन शक्ति केंद्र के सीयूजी नंबर 9454408358 के बारे में भी बताया गया।
पुलिस टीम ने उपस्थित लोगों से महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों के खिलाफ आवाज उठाने और किसी भी प्रकार की घटना होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की। जागरूकता अभियान के साथ-साथ एंटी रोमियो स्क्वाड टीम ने क्षेत्र में भ्रमण कर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग भी की। अभियान के दौरान कुल 15 व्यक्तियों की जांच की गई तथा उन्हें कानून व्यवस्था एवं महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

No comments:
Post a Comment