वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना महुली पुलिस ने व्यापक सुरक्षा तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस बल ने क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, कस्बों और ताजिया जुलूस मार्गों पर रूट मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
रूट मार्च के दौरान पुलिसकर्मियों ने मोटरसाइकिल एवं चार पहिया वाहनों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण किया। पुलिस वाहनों के हूटर के माध्यम से लोगों को सुरक्षा का संदेश दिया गया तथा आमजन में विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत किया गया। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से यह संदेश दिया गया कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
इस दौरान पुलिस टीम ने ताजिया जुलूस के सभी प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। मार्गों पर पड़ने वाले विद्युत तारों, संवेदनशील स्थलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, संकरे रास्तों और यातायात व्यवस्था का बारीकी से परीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही ताजियादारों और स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।
सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए संवेदनशील स्थलों पर ड्रोन कैमरों से हवाई निगरानी भी की गई। ड्रोन के माध्यम से जुलूस मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर नजर रखी गई, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अव्यवस्था की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने, सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री साझा न करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मोहर्रम पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैयार है।

No comments:
Post a Comment