गोरखपुर। पिछले दिनों थाना तिवारीपुर क्षेत्र के अंधियारी बाग दक्षिणी का एक मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें एक भाजपा नेता को डंडे से मारते हुए दिखाया गया था। शनिवार को गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में कथित पीड़ित ने वायरल वीडियो को अधूरा और भ्रामक बताते हुए पूरी घटना की जानकारी दी।
पीड़ित ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल किया गया वीडियो घटना का केवल एक हिस्सा है, जबकि पूरी सच्चाई छिपाई गई है। प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने पूरा वीडियो दिखाते हुए दावा किया कि विवाद की शुरुआत दूसरी ओर से हुई थी और पहले लाठी-डंडों का इस्तेमाल उनके विरोधियों ने किया था।
उन्होंने बताया कि मामला केवल जमीन के विवाद से जुड़ा है। आरोप लगाया कि उनके घर के बगल में रहने वाले सज्जन कुमार, नीलम सोनकर, निहाल और राहुल आए दिन विवाद करते हैं तथा मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। घटना वाले दिन भी पहले विपक्षी पक्ष ने हमला किया, लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो का केवल एक हिस्सा वायरल कर दिया गया, जिससे उनकी छवि धूमिल हुई।
पीड़ित ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, पूरे वीडियो को आधार बनाकर कार्रवाई करने तथा उन्हें न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अधूरी जानकारी के आधार पर किसी भी व्यक्ति की छवि खराब करना उचित नहीं है और मामले की वास्तविकता सामने आनी चाहिए।
No comments:
Post a Comment