गोरखपुर। राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी ने राममंदिर के दानपात्र से धनराशि चोरी की घटना के विरोध में शनिवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पाण्डेय के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, चोरी की धनराशि की बरामदगी, निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच, कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा प्रदेश के सभी मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ किए जाने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि मंदिरों में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान केवल धनराशि नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और विश्वास का प्रतीक है। ऐसे पवित्र स्थल पर चोरी की घटना से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पाण्डेय ने कहा कि यह घटना केवल आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि जनआस्था पर आघात है। उन्होंने मामले के शीघ्र खुलासे और धार्मिक स्थलों पर आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की। पार्टी के संरक्षक पं. बृजेश पाण्डेय ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था की रक्षा करना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए।
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रमेश कुमार पाण्डेय, राष्ट्रीय मुख्य सचिव अनीश पटेल, राष्ट्रीय सलाहकार सुनील मणि त्रिपाठी तथा राष्ट्रीय सचिव नितिन श्रीवास्तव ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को कठोर दंड देने और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।
इस अवसर पर शिव कुमार जायसवाल, धर्मेंद्र शर्मा, अजय कुमार पाण्डेय, वैभव श्रीवास्तव, राहुल कशौधन, सुयश श्रीवास्तव सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment