वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह के अवसर पर थाना महुली परिसर में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस कर्मियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
योग सत्र के दौरान पुलिस कर्मियों को शारीरिक फिटनेस, मानसिक एकाग्रता तथा तनावमुक्त जीवन के लिए योग के महत्व से अवगत कराया गया। इस अवसर पर थानाध्यक्ष महुली ने कहा कि पुलिस सेवा निरंतर चुनौतियों, तनाव और जिम्मेदारियों से जुड़ी होती है। ऐसे में योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और कार्यक्षमता को भी बढ़ाता है।
उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से पुलिस कर्मी अधिक ऊर्जावान और कार्यकुशल बनते हैं, जिससे जनता को बेहतर और प्रभावी सेवाएं प्रदान की जा सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान सभी पुलिस कर्मियों ने प्रतिदिन योग करने तथा अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी योग के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
थाना महुली पुलिस ने "स्वस्थ पुलिस–सुरक्षित समाज" के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक सोच ही सफल एवं सुखी जीवन की आधारशिला है। योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर व्यक्ति न केवल स्वयं को स्वस्थ रख सकता है, बल्कि समाज में भी सकारात्मक बदलाव ला सकता है।

No comments:
Post a Comment