बस्ती। भारतीय मजदूर संघ जिला कार्यसमिति बस्ती के नेतृत्व में गुरुवार को कर्मचारियों, श्रमिकों, संविदा कर्मियों, आशा, आंगनबाड़ी, एनएचएम, सफाई कर्मियों, रोडवेज कर्मचारियों तथा ई-रिक्शा व ऑटो चालकों सहित विभिन्न वर्गों की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को 21 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। वहीं संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ ने भी अपनी 8 सूत्रीय मांगों का अलग ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में आठवें वेतन आयोग को लागू करने, पुरानी पेंशन बहाल करने, संविदा व आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के लिए नियमावली बनाने, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने, एनएचएम कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान, 108 व 102 एंबुलेंस कर्मियों की बहाली, सफाई कर्मियों की भर्ती, पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने तथा असंगठित श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा देने की मांग प्रमुख रही।
विभाग प्रमुख अशोक सिंह ने कहा कि कर्मचारियों और श्रमिकों की लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान होना चाहिए। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर संगठन व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगा। जिला मंत्री राहुल श्रीवास्तव ने संविदा, आउटसोर्सिंग, आशा और एनएचएम कर्मचारियों के नियमितीकरण एवं सामाजिक सुरक्षा की मांग उठाई। मंडल संयोजक संजय पाण्डेय ने एनएचएम कर्मचारियों के लिए बीमा, वेतन विसंगति दूर करने और स्थानांतरण नीति में सुधार की आवश्यकता बताई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं श्रमिक उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment