गोरखपुर। चिलुआताल थाना क्षेत्र के गौरा खास गांव में जमीनी विवाद को लेकर एक परिवार पर कथित हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में स्थानीय पुलिस पर कार्रवाई में ढिलाई बरतने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित राम सरन के अनुसार, 10 जून की सुबह करीब सात बजे पुरानी जमीनी रंजिश के चलते नामजद आरोपियों समेत कई लोग उनके घर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। हमले में उनकी पत्नी सुधा देवी, बहू विमलावती और पुत्र रजनीकांत गंभीर रूप से घायल हो गए। रजनीकांत के सिर में गंभीर चोट आई है तथा मेडिकल रिपोर्ट में उनके कान का पर्दा फटने की पुष्टि भी हुई है।
राम सरन का आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल चिलुआताल थाने को दी गई, लेकिन अब तक आरोपियों के विरुद्ध कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे पूरा परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल, इस मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।

No comments:
Post a Comment