गोरखपुर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद गोरखपुर में "मिशन शक्ति फेज-5.0" के द्वितीय चरण के तहत विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अपराध एवं नोडल मिशन शक्ति के पर्यवेक्षण में जिले के सभी थानों पर गठित मिशन शक्ति टीमों, पीआरवी तथा अन्य पुलिस बल द्वारा विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न निवारण अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बाल श्रम कानून तथा महिलाओं की गरिमा के विरुद्ध अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया।
अभियान के दौरान महिला सुरक्षा एवं सहायता से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों जैसे वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर 181, साइबर हेल्पलाइन 1930, स्वास्थ्य सेवा 102 एवं एम्बुलेंस सेवा 108 की जानकारी दी गई। पुलिस कर्मियों ने महिलाओं को मोबाइल फोन में उपलब्ध इमरजेंसी कॉल एवं पैनिक बटन की उपयोगिता का भी प्रदर्शन किया।
इसके अलावा जनसुनवाई पोर्टल, स्थानीय थानों की महिला हेल्प डेस्क, जिला संरक्षण अधिकारी, राष्ट्रीय एवं राज्य महिला आयोग तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से मिलने वाली सहायता के बारे में भी जानकारी देते हुए पंपलेट वितरित किए गए। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं से किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन और पुलिस सेवाओं का उपयोग करने की अपील की।

No comments:
Post a Comment