गोरखपुर। कोतवाली पुलिस ने दुकानों का शटर, ताला और दीवार तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹22 हजार नकद, पांच मोबाइल फोन, नौ सफेद धातु के सिक्के तथा एक सफेद धातु का कछुआ बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रियासत उर्फ इमरान खान और राशिद खान उर्फ पिद्दी के रूप में हुई है। दोनों पर हाल के दिनों में कोतवाली क्षेत्र में हुई तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं में शामिल होने का आरोप है।
जांच में पता चला कि 11-12 जून की रात बक्शीपुर स्थित स्पेयर इंडिया नामक दुकान का शटर तोड़कर चोरी की गई थी। इसके बाद 13-14 जून की रात खुनीपुर क्षेत्र में एक बिस्कुट-टॉफी की दुकान तथा दूसरी दुकान की दीवार तोड़कर नकदी और चांदी के सिक्के चोरी कर लिए गए थे। इन मामलों में कोतवाली थाने में मुकदमे दर्ज किए गए थे।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त अपने साथी अरबाज खान के साथ मिलकर दुकानों का ताला और शटर तोड़कर चोरी करते थे। राशिद अपने ई-रिक्शा से चोरी की वारदातों में सहयोग करता था तथा चोरी का माल खपाने में भी मदद करता था। चोरी किए गए 17 मोबाइल फोन में से 12 मोबाइल आरोपियों द्वारा विभिन्न फेरीवालों को बेचे जा चुके हैं, जबकि पांच मोबाइल पुलिस ने बरामद कर लिए हैं।
इससे पहले पुलिस ने मामले में शामिल अरबाज खान को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ₹27 हजार नकद बरामद कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया। गिरफ्तारी में कोतवाली थाना पुलिस की विशेष टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment