संतकबीरनगर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आरोग्य भारती गोरक्ष प्रांत, जनपद संतकबीरनगर द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर योगाभ्यास एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने सहभागिता कर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर आरोग्य भारती गोरक्ष प्रांत के उपाध्यक्ष एवं जनपद संतकबीरनगर के योग प्रभारी विश्व प्रकाश मिश्रा ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन जीने की वैज्ञानिक पद्धति है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ रहता है तथा अनेक बीमारियों से बचाव संभव होता है।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि योग को केवल एक दिन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा, "योग करें, रोग रहें दूर" का संदेश आज पूरी दुनिया में स्वीकार किया जा चुका है और भारत की यह प्राचीन धरोहर मानवता को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रही है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षकों ने योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी देते हुए नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया।
आरोग्य भारती के पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन "स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ परिवार, स्वस्थ ग्राम और स्वस्थ राष्ट्र" की संकल्पना को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वस्थ भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ एवं निरोग समाज के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

No comments:
Post a Comment