वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती/हर्रैया। थाना हर्रैया क्षेत्र के ग्राम खमरियासुजात में जिओ टावर पर चढ़कर हंगामा करने वाले युवक के विरुद्ध पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है। साथ ही टावर की सुरक्षा में लापरवाही बरतने के आरोप में जिओ टावर कंपनी के विरुद्ध भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक तहसीलदार सिंह ने बताया कि 3 जून 2026 की शाम जन्मेजय सिंह उर्फ जय सिंह (28 वर्ष) शराब के नशे में गांव के बाहर स्थित जिओ टावर पर चढ़ गया था। वह नीचे कूदने की धमकी दे रहा था और प्रकोपनपूर्ण बातें कर रहा था। जांच में पता चला कि उसका अपने बड़े भाई दिवाकर सिंह से जमीन और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। गांव के कुछ लोगों के दुष्प्रेरण के कारण वह टावर पर चढ़ गया और भाई से पैसे की मांग करने लगा।
सूचना मिलने पर पुलिस, फायर ब्रिगेड, ग्रामवासियों और परिजनों के संयुक्त प्रयास से युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। बाद में उसका चिकित्सीय परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हर्रैया में कराया गया।
पुलिस के अनुसार टावर कंपनी द्वारा भी सुरक्षा संबंधी पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे, जिससे कोई भी व्यक्ति आसानी से टावर पर चढ़ सकता था। इस मामले में जन्मेजय सिंह उर्फ जय सिंह तथा जिओ टावर कंपनी के विरुद्ध थाना हर्रैया में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही युवक का चालान कर उसे न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया गया है।
पुलिस दुष्प्रेरित करने वाले अन्य व्यक्तियों की भी पहचान कर रही है। मामले की विवेचना जारी है।

No comments:
Post a Comment