बस्ती ( रुधौली )। बजाज चीनी मिल रुधौली के प्रबंध निदेशक अजय कुमार शर्मा ने किसानों से गन्ने के साथ सहफसली खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सकेगा।
प्रबंध निदेशक ने महाप्रबंधक अरशद शेख, इकाई प्रमुख डॉ. जे.पी. त्रिपाठी, जोनल एचआर हेड पूर्वी जोन एन.के. शुक्ला, उपमहाप्रबंधक गन्ना लवकुश सिंह चौहान, सहायक प्रबंधक गन्ना अनिल कुमार शुक्ला, गन्ना प्रबंधक अरविंद द्विवेदी तथा गेट इंचार्ज राजेश सिंह के साथ बजाज चीनी मिल रुधौली के गेट एवं केंद्र क्षेत्रों के ग्राम अरदा, बैकुंठ, गोविंदपुर, महुआरी, हरिहरपुर, बहादुरपुर, पिकोरा, रमवापुर और कठोलिया में गन्ने की पेड़ी एवं पौधा प्लांट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों को पेड़ी प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की सलाह देते हुए कहा कि किसान पौधा फसल की अपेक्षा कम लागत में पेड़ी फसल से अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने समय पर सिंचाई, गुड़ाई, निराई और उर्वरकों के संतुलित प्रयोग पर जोर दिया। साथ ही किसानों को रोग एवं कीटों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी।
अजय कुमार शर्मा ने बताया कि वर्तमान समय में कुछ क्षेत्रों में चोटी भेदक कीट का प्रकोप देखा जा रहा है। इससे बचाव के लिए किसानों को चीनी मिल द्वारा उपलब्ध कराई जा रही कोराजन, बटाको, क्लोरोपारी फास्ट एवं चक्रव्यूह जैसी दवाओं का उपयोग करने की सलाह दी गई।
उन्होंने कहा कि गन्ने की बुवाई के साथ सहफसली खेती करने से खेत में नियमित सिंचाई, गुड़ाई और निराई होती रहती है, जिससे खरपतवार नहीं पनपते और गन्ने का विकास बेहतर होता है। इससे उत्पादन बढ़ने के साथ किसानों को अतिरिक्त आय भी प्राप्त होती है।
प्रबंध निदेशक ने किसानों को ट्रेंच विधि से गन्ने की बुवाई करने की सलाह देते हुए कहा कि इस तकनीक से बीज की मात्रा कम लगती है, सिंचाई पर खर्च घटता है, फसल प्राकृतिक आपदाओं से अपेक्षाकृत सुरक्षित रहती है तथा जंगली जानवरों से होने वाला नुकसान भी कम होता है। उन्होंने कहा कि चीनी मिल का उद्देश्य कम लागत में किसानों को अधिक उत्पादन दिलाना है।
उन्होंने किसानों से "किसान मार्गदर्शन चैनल" से जुड़कर कृषि वैज्ञानिकों द्वारा दी जा रही आधुनिक खेती, पेड़ी प्रबंधन तथा रोग-कीट नियंत्रण संबंधी जानकारियों का लाभ उठाने की अपील की।
सीनियर गन्ना अधिकारी एवं मीडिया प्रभारी बाल सिंधु गगन पांडे ने कहा कि उच्च अधिकारियों के नियमित फील्ड निरीक्षण से किसानों का मनोबल बढ़ता है तथा फील्ड सुपरवाइजरों और अधिकारियों में बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। इससे किसान नई तकनीकों को अपनाकर बेहतर उत्पादन प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित होते हैं।
इस अवसर पर क्षेत्रीय ग्राम प्रधान रामनाथ चौधरी, आज्ञाराम चौधरी, अशोक कुमार चौधरी, धर्मेंद्र यादव, राम भारत, राम लखन, विजय कुमार मिश्रा, शशि प्रकाश सिंह, रामबचन यादव, अंबिका चौधरी, जगदीश पांडे, जगदंबा पांडे सहित चीनी मिल के अधिकारी एवं फील्ड सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment