गोरखपुर। शहर के टाउन हॉल स्थित गांधी प्रतिमा पर सोमवार को स्वर्णकार समाज के लोगों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे समाज के लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लंबित मामलों में शीघ्र कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा मेडिकल छात्र अभिषेक वर्मा की गुमशुदगी का मामला रहा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कई दिन बीत जाने के बावजूद छात्र का कोई सुराग नहीं लग सका है, जिससे परिवार के साथ-साथ समाज के लोगों में भी चिंता और आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने मामले की गंभीरता से जांच कर छात्र की जल्द बरामदगी की मांग की।
धरने के दौरान देवरिया की सभासद प्रियंका वर्मा के पति के साथ हुई मारपीट तथा चौरी-चौरा निवासी अमित वर्मा के साथ मारपीट की घटनाओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। समाज के प्रतिनिधियों ने इन मामलों में निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की।
वक्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो स्वर्णकार समाज प्रदेशव्यापी आंदोलन करने को बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है।
प्रदर्शन में देवरिया से नीरज वर्मा, खलीलाबाद से श्याम सुंदर वर्मा, वाराणसी से धर्मेंद्र कुमार वर्मा, गोरखपुर से गौरव वर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपते हुए जल्द कार्रवाई की अपेक्षा जताई। अब सभी की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

No comments:
Post a Comment