संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत संचालित “साथ-साथ” कार्यक्रम (टूटते परिवार को जोड़ने की एक पहल) के तहत रविवार को पिंक बूथ परिवार परामर्श केंद्र, सर्किल धनघटा में सात पारिवारिक विवादों का सफल निस्तारण कराया गया।
पिंक बूथ प्रभारी अंजली सरोज, सहायक प्रभारी तूफानी सिंह यादव तथा महिला कांस्टेबल पूजा गौतम एवं पिंकी कुमारी की मौजूदगी में आयोजित परामर्श सत्र में आए सात मामलों में दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने के बाद आपसी सहमति से सुलह-समझौता कराया गया। अधिकांश मामले पारिवारिक कलह के कारण रिश्तों में आई दूरियों से जुड़े थे, जो टूटने की कगार पर पहुंच गए थे।
परामर्श केंद्र की टीम के प्रयासों से सभी सात परिवारों ने मतभेद भुलाकर पुनः साथ रहने पर सहमति जताई। पुलिस विभाग की इस पहल को परिवारों को टूटने से बचाने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि “साथ-साथ” कार्यक्रम का उद्देश्य पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान कर परिवारों को पुनः एकजुट करना है, जिससे समाज में सकारात्मक वातावरण बना रहे।

No comments:
Post a Comment