बस्ती। राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में तथा बस्ती विकास समिति के बैनर तले 7 जून से जीवीएम कॉन्वेंट स्कूल में ग्रीष्मकालीन चित्रकला कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। कार्यशाला का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं में चित्रकला के प्रति रुचि विकसित करना तथा उनकी सृजनात्मक प्रतिभा को निखारना है।
कार्यशाला के संयोजक डॉ. नवीन श्रीवास्तव ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में 18 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों को चित्रकला की विभिन्न विधाओं, रंग संयोजन, रेखांकन तथा आधुनिक कला तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कला रचनात्मक सोच को विकसित करने का सशक्त माध्यम है और इस प्रकार की कार्यशालाएं युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं। प्रशिक्षण शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षण प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से 10 बजे तक संचालित होगा।
जीवीएम कॉन्वेंट स्कूल के प्रबंधक संतोष सिंह ने कहा कि विद्यालय शैक्षिक गतिविधियों के साथ-साथ कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कलात्मक क्षमताओं को निखारने तथा अनुभवी कलाकारों से सीखने का अवसर प्राप्त होगा।
बस्ती विकास समिति के संस्थापक राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि संस्था समाज में कला एवं संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करती रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह ग्रीष्मकालीन चित्रकला कार्यशाला बच्चों और युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
आयोजकों ने क्षेत्र के विद्यार्थियों, युवाओं एवं कला प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यशाला में सहभागिता करने की अपील की है।

No comments:
Post a Comment