संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर श्री संदीप कुमार मीना के निर्देशन में जनपद के सभी थानों द्वारा महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम चौपाल आयोजित कर लोगों की समस्याएं सुनी गईं तथा उनके त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण के लिए संवाद स्थापित किया गया।
अभियान के तहत सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और गांवों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं और आमजन को मिशन शक्ति 5.0 की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं के प्रति अपराधों की रोकथाम, उनके अधिकारों की रक्षा तथा आत्मरक्षा के उपायों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
पुलिस टीमों ने महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, बाल सहायता नंबर 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं साइबर क्राइम पोर्टल के उपयोग के बारे में भी लोगों को जागरूक किया।
अभियान के अंतर्गत कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने समयमाता मंदिर, गोला बाजार, थाना महुली पुलिस ने हरदी, थाना धनघटा पुलिस ने ग्राम आगापुर उर्फ गुलरिहा खालेपुरवा, थाना मेंहदावल पुलिस ने बर्तनहिया चौक बाजार तथा थाना धर्मसिंहवा पुलिस ने बधया, गोरीराय में महिलाओं, बालिकाओं एवं स्कूली छात्राओं को पम्पलेट वितरित कर जागरूक किया।
महिला बीट अधिकारियों एवं मिशन शक्ति टीमों ने चौपाल शैली में संवाद सत्र आयोजित कर महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, आत्मरक्षा के उपायों और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी तथा उन्हें निडर होकर अपनी बात रखने और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।

No comments:
Post a Comment