बस्ती। उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना जनपद बस्ती के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए आत्मनिर्भरता का मजबूत माध्यम बनकर उभरी है। योजना के तहत उद्यम स्थापना के इच्छुक युवाओं को वित्तीय सहायता, मार्जिन मनी अनुदान और उद्यमिता विकास प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिससे वे अपना उद्योग-व्यवसाय स्थापित कर रोजगार सृजन में भी योगदान दे रहे हैं।
जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, बस्ती के अनुसार वित्तीय वर्ष 2024-25 में 127 लाभार्थियों को 12.75 करोड़ रुपये तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 111 लाभार्थियों को 10.62 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है। इस प्रकार दो वर्षों में कुल 238 उद्यमियों को 23.38 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता प्रदान की जा चुकी है।
योजना के अंतर्गत विनिर्माण क्षेत्र के लिए अधिकतम 25 लाख रुपये तथा सेवा क्षेत्र के लिए अधिकतम 10 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। इसके साथ ही पात्र लाभार्थियों को परियोजना लागत के अनुरूप मार्जिन मनी अनुदान और उद्यमिता विकास प्रशिक्षण का लाभ भी मिलता है।
योजना का लाभ लेकर जनपद के अनेक युवाओं ने सूक्ष्म एवं लघु उद्योग, रेडीमेड गारमेंट्स, फर्नीचर निर्माण, मोबाइल रिपेयरिंग, ऑटोमोबाइल सर्विस, डेयरी, खाद्य प्रसंस्करण सहित विभिन्न सेवा आधारित उद्यम स्थापित किए हैं। इससे न केवल उनकी आय में वृद्धि हुई है, बल्कि स्थानीय स्तर पर नए रोजगार के अवसर भी सृजित हुए हैं।
जिला प्रशासन एवं उद्योग विभाग द्वारा अधिक से अधिक पात्र युवाओं को योजना से जोड़ने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना युवाओं को नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में एक प्रभावी पहल साबित हो रही है। बस्ती में इस योजना ने स्वरोजगार को नई गति प्रदान की है और लाभान्वित युवा अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रहे हैं।

No comments:
Post a Comment