वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष पुनरीक्षण से पूर्व मतदेय स्थलों के संभाजन एवं तैयारियों को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदेय स्थलों का विभाजन कर नए मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची 4 जुलाई 2026 को प्रकाशित की जाएगी, जिस पर आपत्तियां एवं सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि मतदेय स्थलों के पुनर्गठन में इस बात का विशेष ध्यान रखा गया है कि एक ही परिवार के सभी सदस्य एक ही अनुभाग एवं मतदान स्थल पर रहें। साथ ही किसी भी मतदेय स्थल पर 300 से कम तथा 1200 से अधिक मतदाता नहीं रखे गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर रैंप, पेयजल, शौचालय, विद्युत, कुर्सी एवं मेज सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने जानकारी दी कि जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 8 नए मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं, जबकि मतदाताओं की संख्या कम होने के कारण 75 मतदेय स्थलों का अन्य केंद्रों में समायोजन किया गया है। इसके बाद जनपद में संभावित कुल मतदेय स्थलों की संख्या 1551 होगी।
बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सूचना अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment