गोरखपुर। शाहपुर थाना पुलिस ने करीब 31 लाख रुपये की धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले में फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर उधार लिए गए रुपये वापस न कर फर्जीवाड़े के जरिए गबन करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष शाहपुर राकेश रोशन सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विकास कुमार की टीम ने वांछित अभियुक्त शैलेन्द्र कुमार शाही निवासी खामपार, थाना खामपार, जनपद देवरिया को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने वादी से अलग-अलग तिथियों में स्वयं तथा अपने एक परिचित के नाम पर करीब 31 लाख रुपये उधार लिए, लेकिन बाद में रकम लौटाने से इनकार कर दिया। मामले में मिली तहरीर के आधार पर शाहपुर थाने में मुकदमा संख्या 72/2025 दर्ज किया गया था। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, कूटरचना और आपराधिक षड्यंत्र सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष राकेश रोशन सिंह, उपनिरीक्षक विकास कुमार, कांस्टेबल अमित कुमार एवं रिक्रूट कांस्टेबल विक्रांत सिंह शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment