वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 जनपद के छह परीक्षा केंद्रों पर रविवार को सकुशल, नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान जिला मजिस्ट्रेट आलोक कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने मौलाना आजाद इंटर कॉलेज खलीलाबाद सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, बैठने की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की जांच की। उन्होंने परीक्षा को शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी अथवा अनियमितता न होने देने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
रविवार, 14 जून 2026 को प्रातः 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित परीक्षा में जनपद के छह केंद्रों पर कुल 2496 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 1204 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1292 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
प्रशासन की कड़ी निगरानी एवं व्यापक व्यवस्थाओं के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न हुई।

No comments:
Post a Comment