<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, June 5, 2026

विश्व पर्यावरण दिवस पर आंचलिक विज्ञान नगरी में जागरूकता कार्यक्रम, 200 छात्रों ने लिया भाग

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रीजनल साइंस सिटी लखनऊ में शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 छात्रों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न गतिविधियों में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

कार्यक्रम के दौरान आंचलिक विज्ञान नगरी के केंद्र प्रमुख  श्री स्वरूप मंडल ने छात्रों से संवाद करते हुए विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व और वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी समझ और विचार साझा करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान एक छात्र ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस लोगों में जागरूकता बढ़ाने और सभी के लिए स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

कार्यक्रम में ग्रेसियस ग्लोरी इनोवेटिव एजुकेशन फाउंडेशन की संस्थापक एवं सीईओ सीखा राज ने विज्ञान विषय पर लोकप्रिय व्याख्यान दिया। उन्होंने छात्रों को प्रकृति से जुड़ने और उससे प्रेम करने का संदेश दिया। एक रोचक गतिविधि के माध्यम से छात्रों को अपनी आंखें बंद कर जंगल का अनुभव करने, ठंडी हवा को महसूस करने तथा पक्षियों की मधुर आवाज सुनने की कल्पना करने के लिए प्रेरित किया गया।

सुश्री शिखा राज ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक प्रतिज्ञा गतिविधि भी आयोजित कराई, जिसमें छात्रों ने स्टिकी नोट्स पर अपने संकल्प लिखकर प्रतिज्ञा दीवार पर लगाए। कई छात्रों ने पौधों को नियमित रूप से पानी देने, जन्मदिन पर एक पौधा लगाने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

विश्व पर्यावरण दिवस समारोह के अंतर्गत पोस्टर डिजाइन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसके साथ ही साइंस सिटी परिसर में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया, जिसमें सुश्री शिखा राज, श्री स्वरूप मंडल, छात्रों तथा विज्ञान नगरी के कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की। पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से परिसर में बरगद, आंवला और आम के पौधे लगाए गए।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पोस्टर डिजाइन प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान प्रतिभागियों की रचनात्मकता और पर्यावरण के प्रति उनकी जागरूकता की सराहना की गई।

अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। सुश्री शिखा राज ने पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर सार्थक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आंचलिक विज्ञान नगरी, लखनऊ का आभार व्यक्त किया तथा छात्रों और आम जनता के बीच पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने में संस्थान की भूमिका की प्रशंसा की।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages