<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, June 5, 2026

विश्व पर्यावरण दिवस पर यज्ञ, पर्यावरण संरक्षण व योग दिवस की तैयारियों पर चर्चा

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


बस्ती। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दुबखरा स्थित राजेश्वरी मिश्रा जैविक फार्म हाउस में पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को समर्पित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम भारत स्वाभिमान ट्रस्ट हरिद्वार यूनिट, बस्ती के योगाचार्य गरुण ध्वज पाण्डेय के सानिध्य में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर पतंजलि योग समिति, बस्ती के महामंत्री डॉ. वीरेंद्र त्रिपाठी का जन्मदिवस वैदिक मंत्रोच्चार और यज्ञ के साथ मनाया गया। उपस्थित लोगों ने विशेष आहुतियां देकर उनके दीर्घायु होने की कामना की तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में आदित्य दुबे को वैदिक साहित्य भेंट कर सम्मानित किया गया।

योगाचार्य गरुण ध्वज पाण्डेय ने कहा कि यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि वायु शुद्धिकरण का प्राचीन वैज्ञानिक माध्यम भी है। मुख्य वक्ता एवं भारत स्वाभिमान समिति के जिला प्रभारी ओम प्रकाश आर्य ने पर्यावरण संरक्षण के लिए दस सूत्रीय मंत्र प्रस्तुत करते हुए पौधरोपण, वर्षा जल संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा, प्लास्टिक मुक्त जीवन और जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

आजीवन सदस्य राजेश श्रीवास्तव कैलाशी ने सौर एवं पवन ऊर्जा के उपयोग तथा सार्वजनिक परिवहन को अपनाने की अपील की। डॉ. प्रवेश कुमार ने पर्यावरण जागरूकता अभियान में सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं डॉ. नवीन सिंह ने बताया कि इस वर्ष विश्व योग दिवस का आयोजन भव्य रूप में किया जाएगा, जिसके लिए योग शिक्षकों की जिम्मेदारियां निर्धारित की जाएंगी।

कार्यक्रम में डॉ. वी.के. श्रीवास्तव, सुभाष चंद्र आर्य, नवल किशोर चौधरी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सभी ने धरती को हरा-भरा और स्वस्थ बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages