वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। परिवहन विभाग द्वारा 20 हजार रुपये से अधिक वाहन कर बकाया रखने वाले वाहन स्वामियों के विरुद्ध कार्रवाई तेज कर दी गई है। 24 जून 2026 को जारी निर्देशों के क्रम में बस्ती मंडल के तीनों जनपदों में बकायेदार वाहन स्वामियों को पंजीकृत डाक के माध्यम से नोटिस भेजे गए हैं।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार जनपद बस्ती में 1864 वाहनों पर कुल 30.63 करोड़ रुपये, जनपद सिद्धार्थनगर में 1017 वाहनों पर 7.83 करोड़ रुपये तथा जनपद संतकबीरनगर में 1341 वाहनों पर 15.95 करोड़ रुपये वाहन कर बकाया है। संबंधित वाहन स्वामियों को उनके देय कर के भुगतान हेतु नोटिस प्रेषित किए गए हैं।
परिवहन विभाग ने सभी वाहन स्वामियों से अपील की है कि नोटिस प्राप्त होने के बाद अपने वाहनों के विरुद्ध देय बकाया कर का तत्काल भुगतान सुनिश्चित करें। विभाग का कहना है कि बकाया कर जमा न करने की स्थिति में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि वाहन कर से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए संबंधित जनपद के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि नोटिस भेजे जाने के बाद भी यदि बकायेदारों द्वारा कर जमा नहीं किया जाता है तो बकाया वसूली के लिए वसूली प्रमाण-पत्र (आरसी) जारी कर जिलाधिकारी कार्यालय को भेज दिया जाएगा, जिसके बाद राजस्व वसूली की कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment