बस्ती। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘12 साल विकास के, विश्वास के, जन कल्याण के’ के तहत शुक्रवार को रामनगर मंडल में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती पर संगोष्ठी, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण अभियान तथा विकास खंड रामनगर में आवासीय भवन निर्माण कार्य के भूमि पूजन कार्यक्रम ने विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
विकास खंड परिसर में आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में पूर्व सांसद एवं भाजपा के असम प्रदेश प्रभारी हरीश द्विवेदी तथा ब्लॉक प्रमुख यशकांत सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, किसान और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए हरीश द्विवेदी ने कहा कि प्राकृतिक खेती समय की आवश्यकता है। इससे किसानों की लागत कम होगी, आय बढ़ेगी और भूमि की उर्वरा शक्ति भी सुरक्षित रहेगी। उन्होंने किसानों से रासायनिक खेती पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक एवं जैविक खेती को अपनाने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए।
ब्लॉक प्रमुख यशकांत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, आधारभूत संरचना, किसान कल्याण और गरीबों के उत्थान के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि रामनगर क्षेत्र में केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही आवासीय भवन निर्माण कार्य की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में दिलीप पाण्डेय, राकेश शर्मा, सत्येंद्र सिंह भोलू, विजय पाण्डेय, विजय तिवारी, गिरजेश यादव, ओमप्रकाश पाण्डेय, गौरव वर्मा, संजय कुमार, दिलीप कुमार, अनिल कुमार सिंह समेत अनेक भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, किसान और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment