- सांसद रवि किशन ने गिनाईं केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियां, विकास कार्यों को बताया डबल इंजन सरकार की देन
गोरखपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को भरोहिया ब्लॉक में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संजय सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद रवि किशन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, गरीब कल्याण, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश कानून व्यवस्था, बुनियादी ढांचे, निवेश, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की योजनाओं का लाभ गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग तक पहुंचा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, हर घर जल, स्वच्छ भारत मिशन और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
सांसद ने कहा कि गोरखपुर और पूरे पूर्वांचल का तेजी से हो रहा विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार देखने को मिला है।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संजय सिंह ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के कारण गांवों तक विकास की नई धारा पहुंची है। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने की दिशा में सभी कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। सांसद रवि किशन ने कहा कि जनता का विश्वास और समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है तथा वे गोरखपुर के विकास और जनसेवा के लिए निरंतर समर्पित रहेंगे।

No comments:
Post a Comment