बस्ती। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं बस्ती सदर विधायक महेन्द्रनाथ यादव ने बुधवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार पर आरक्षण व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार संविधान प्रदत्त आरक्षण अधिकारों को कमजोर कर पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों (पीडीए) के युवाओं का हक छीन रही है।
महेन्द्रनाथ यादव ने सपा द्वारा जारी ‘पीडीए ऑडिट अंक-1’ का हवाला देते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश की 22 भर्ती परीक्षाओं में 11,514 आरक्षित सीटों की सुनियोजित लूट की गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 की 69 हजार शिक्षक भर्ती में 7,933 पदों पर अनियमितताएं हुईं। इसके अलावा वन एवं वन्यजीव रक्षक भर्ती में 88 पद, बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय भर्ती में पांच पद तथा ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती में 223 पदों पर आरक्षण नियमों का पालन नहीं किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि लेखपाल, आशुलिपिक, नेत्र परीक्षण अधिकारी, पशु चिकित्सक और स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी सहित कई भर्तियों में भी आरक्षण नियमों की अनदेखी कर पीडीए वर्ग के युवाओं का अधिकार छीना गया। सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि संविधान बचाओ और आरक्षण बचाओ अभियान के तहत पार्टी इन तथ्यों को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाएगी।
महेन्द्रनाथ यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में संवैधानिक संस्थाओं और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा दिए गए अधिकारों का उल्लंघन हो रहा है। समाजवादी पार्टी लोकतंत्र और संविधान में विश्वास रखती है तथा सरकार की कथित विफलताओं को जनता के बीच लगातार उठाती रहेगी।
प्रेस वार्ता में विधायक राजेन्द्र चौधरी, कविन्द्र चौधरी ‘अतुल’, दयाशंकर मिश्र, जावेद पिंडारी, अरविन्द सोनकर सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment