वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। डायल-112 पर खुद को बंधक बनाकर मारपीट किए जाने की झूठी सूचना देना एक युवक को महंगा पड़ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोनहा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक की तलाश की और उसे सकुशल बरामद कर लिया। जांच में सूचना पूरी तरह असत्य पाए जाने पर पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार 9 जून की रात करीब 12:52 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि ग्राम बनरही जंगल थाना सोनहा निवासी पवन चौहान (25) सुबह से घर से निकला है और रात करीब 10:30 बजे उसने अपने भाई राम बाबू को फोन कर बताया कि दो लोग उसे जंगल में पकड़कर मारपीट कर रहे हैं तथा बंधक बनाए हुए हैं।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सोनहा ने पुलिस टीम गठित कर युवक की तलाश शुरू कराई। साथ ही पवन के मोबाइल नंबर की लोकेशन सर्विलांस सेल के माध्यम से प्राप्त की गई। जांच के दौरान पवन को ग्राम माझा मानपुर थाना गौर निवासी जितेंद्र के यहां से सकुशल बरामद कर लिया गया, जहां वह डीजे बजाने का कार्य करता है।
पूछताछ में सूचना झूठी पाए जाने पर पुलिस ने कारण जानने का प्रयास किया, लेकिन युवक पुलिस से उलझने लगा। कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत सोनहा पुलिस ने पवन पुत्र शिवपूजन चौहान निवासी बनरही जंगल थाना सोनहा को धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आपातकालीन सेवाओं पर केवल वास्तविक और सत्य सूचना ही दें, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

No comments:
Post a Comment