गोरखपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महानगर गोरखपुर के तत्वावधान में महानगर के सभी 10 मंडलों में भव्य योग शिविरों का आयोजन किया गया। महंत दिग्विजयनाथ पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने योगाभ्यास कर लोगों को स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, योग प्रशिक्षकों एवं सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सामूहिक योगाभ्यास कर निरोग भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने वाली जीवन पद्धति है। योग व्यक्ति को शारीरिक शक्ति के साथ मानसिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भारत की प्राचीन सनातन संस्कृति का यह अमूल्य उपहार आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली और आज विश्व के अनेक देश इसे अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि योग आत्मा को परमात्मा से जोड़ने का माध्यम है तथा सकारात्मक सोच, अनुशासित जीवन और स्वस्थ समाज की नींव रखता है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही आत्मनिर्भर और विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की आत्मा है। नियमित योग से व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है और अनेक बीमारियों से बचाव संभव होता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए, जिससे समाज और राष्ट्र दोनों स्वस्थ एवं सशक्त बन सकें।
महानगर के सभी 10 मंडलों में एक साथ योग शिविर आयोजित किए गए। मिर्जापुर मंडल के दिग्विजयनाथ पार्क, मालवीय नगर मंडल के विंध्यवासिनी पार्क, गोरक्षनगर मंडल के मिनी स्टेडियम राजेंद्र नगर, खोराबार ब्लॉक, दीनदयाल नगर मंडल के रानी लक्ष्मीबाई पार्क, आर्यनगर मंडल, गीता नगर मंडल के गायत्री शक्तिपीठ, बिस्मिल नगर मंडल के आरोग्य मंदिर, भौवापार मंडल तथा राप्तीनगर मंडल के स्पोर्ट्स कॉलेज में जनप्रतिनिधियों एवं योग प्रशिक्षकों के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिन्हा, विश्वजीताशु सिंह 'आशू', महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, इंद्रमणि उपाध्याय, बृजेश मणि मिश्रा, शशिकांत सिंह, पुष्पदंत जैन, रणविजय शाही, मनोज अग्रहरी, दयाकृष्ण गुप्ता, शिवम पांडेय, अशोक गुप्ता, रणविजय सिंह 'मुन्ना', दिनेश जायसवाल, दयानंद शर्मा, वीरेंद्र पांडेय, अवधेश अग्रहरी, रजुला रावत, अनुपमा पांडेय सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
योग दिवस के अवसर पर भाजपा महानगर गोरखपुर का यह आयोजन योग को जन-जन तक पहुंचाने, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने और 'स्वस्थ भारत–समर्थ भारत' के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक प्रभावी पहल साबित हुआ।

No comments:
Post a Comment