गोरखपुर। राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी की प्रथम साधारण सभा की बैठक गोरखपुर में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ जनसेवक एवं प्रबुद्ध समाजसेवी पंडित बृजेश पाण्डेय ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ।
बैठक में 105 संस्थापक सदस्यों की उपस्थिति में राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी के गठन की औपचारिक घोषणा की गई। साथ ही पार्टी के नाम, उद्देश्य, संविधान एवं संगठनात्मक ढांचे को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। संगठन को लोकतांत्रिक एवं समावेशी स्वरूप प्रदान करने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।
महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए पार्टी की कार्यकारिणी एवं विभिन्न संगठनात्मक इकाइयों में महिलाओं को 40 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने इस निर्णय का स्वागत किया।
सभा में कुलदीप पाण्डेय को राष्ट्रीय अध्यक्ष, अशोक कुमार चंद्रा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, अखिलेश मल्ल को राष्ट्रीय महासचिव तथा रमेश पाण्डेय को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके बाद सभी पदाधिकारियों को संगठन, संविधान एवं जनसेवा के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई गई।
वक्ताओं ने कहा कि पार्टी समाज के सभी वर्गों, विशेषकर युवाओं, महिलाओं, किसानों, श्रमिकों एवं वंचित वर्गों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए कार्य करेगी। पार्टी का मूल मंत्र "सबका सम्मान – सबका कल्याण" होगा।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पार्टी के विधिवत पंजीकरण के लिए भारत निर्वाचन आयोग में आवेदन किया जाएगा। इसके लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पाण्डेय को अधिकृत किया गया। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शीघ्र ही निर्वाचन आयोग में पंजीकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्षता कर रहे बृजेश पाण्डेय ने सभी संस्थापक सदस्यों, पदाधिकारियों, महिला प्रतिनिधियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर पार्टी के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
https://youtu.be/LZXf-nAMAdk?si=0Hqu8R6-7ubac9fY
वीडियो न्यूज देखने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करके ओपन पर क्लिक करें

No comments:
Post a Comment