<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, May 8, 2026

विश्व रेड क्रॉस दिवस पर एड्स जागरूकता अभियान आयोजित

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


बस्ती। विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी बस्ती द्वारा शास्त्री चौक पर “एड्स जागरूकता एवं बचाव” विषय पर हस्ताक्षर अभियान एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम एवं मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने जागरूकता बैनर पर हस्ताक्षर कर किया।

कार्यक्रम में बस्ती विकास सेवा समिति द्वारा स्टॉल लगाकर एचआईवी एवं एड्स के प्रति समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने तथा बचाव के उपायों के बारे में लोगों को जागरूक किया गया।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम ने कहा कि एचआईवी एक गंभीर बीमारी है, जिससे बचाव के लिए समाज के सभी लोगों को मिलकर जागरूकता फैलानी होगी। उन्होंने कहा कि भारत में नए एचआईवी संक्रमणों में 35 प्रतिशत की कमी तथा इससे होने वाली मौतों में 69 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है, जो जागरूकता अभियानों का सकारात्मक परिणाम है। उन्होंने देश को एचआईवी मुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने रेड क्रॉस द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षित यौन संबंध, समय पर जांच एवं परामर्श ही इस बीमारी से बचाव के प्रमुख उपाय हैं। उन्होंने कहा कि एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए। ऐसे अभियानों से जन-जन तक यह संदेश पहुंचता है कि सही जानकारी और जागरूकता से ही एचआईवी से बचा जा सकता है।

रेडक्रॉस सोसाइटी के सभापति संतोष सिंह ने उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मानवता की सेवा के लिए रेडक्रॉस भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम चलाता रहेगा। सचिव रंजीत श्रीवास्तव ने कहा कि जागरूकता ही एड्स से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से एचआईवी पॉजिटिव मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने तथा उन्हें समय पर उपचार के लिए प्रेरित करने की अपील की।

कार्यक्रम का संयोजन कार्यकारिणी सदस्य इमरान अली ने किया। इस अवसर पर राहुल श्रीवास्तव, राजेश ओझा, एल.के. पाण्डेय, उमेश श्रीवास्तव, अशोक सिंह, आनंद पाटिल, अहमद हुसैन, मोहम्मद अशरफ, सानू कुमारी, मनीषा, सोनी, मंजेश, शुभेंद्र पाठक, राजकुमार, प्रिंस सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages