वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “महिला जन आक्रोश अभियान” के तहत सोमवार को जिले में राजनीतिक माहौल गरमा गया। रुधौली एवं कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र की महिला कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र के नेतृत्व में सपा सांसद के आवास का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। महिलाओं ने हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर महिला सम्मान और सुरक्षा के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की।
धरना कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंच रहा है, जिससे महिलाओं का सामाजिक और आर्थिक स्तर मजबूत हुआ है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल जनता को भ्रमित करने और सरकार की उपलब्धियों को छिपाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का काम करेंगे।
पूर्व प्रत्याशी संगीता जायसवाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं के उत्थान के लिए कई ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं। उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है, जबकि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान ने बेटियों के प्रति समाज की सोच बदलने का कार्य किया है।
जिला उपाध्यक्ष शालिनी मिश्र ने कहा कि महिला जन आक्रोश अभियान महिलाओं की आवाज को मजबूती देने का अभियान है। कार्यक्रम का संचालन सुमन सिंह एवं दिलीप पाण्डेय ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहीं।

No comments:
Post a Comment