वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
मऊ/गाजीपुर। केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दोहरीघाट-औंड़िहार रेल सेवा का शुभारंभ करते हुए रेलगाड़ी संख्या 65121/65122 दोहरीघाट-औंड़िहार-दोहरीघाट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई रेल सेवा के प्रारम्भ होने से मऊ और गाजीपुर जनपदों के यात्रियों को सुगम, सस्ती एवं सुविधाजनक यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी।
क्षेत्रीय जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्रालय द्वारा इस रेल सेवा के संचालन को स्वीकृति प्रदान की गई है। नई ट्रेन सेवा से विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों तथा दैनिक यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और किफायती यात्रा का लाभ मिलेगा।
दोहरीघाट रेलवे स्टेशन पर अपराह्न तीन बजे आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर, वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सहित अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि नई रेल सेवा शुरू होने से क्षेत्र के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी तथा लोगों की आवाजाही और व्यापारिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी।
No comments:
Post a Comment