<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, August 24, 2026

रेलवे सुरक्षा बल की बड़ी कार्रवाई : चोरी की रेल संपत्ति के साथ नौ गिरफ्तार, आठ बच्चे और युवती सुरक्षित


गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे में रेलवे सुरक्षा बल ने रेल संपत्ति की चोरी पर शिकंजा कसते हुए अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, ‘बचपन बचाओ अभियान’ के तहत आरपीएफ की सतर्कता से सात नाबालिग बच्चों और एक 19 वर्षीय युवती को सुरक्षित किया गया।
आरपीएफ भटनी और अपराध आसूचना शाखा छपरा की संयुक्त टीम ने 23 अगस्त को कटया बाजार, गोपालगंज से पांच आरोपियों को चोरी की रेल संपत्ति के साथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी 20 अगस्त को ट्रेन संख्या 15003 की पार्सल बोगी से हुई चोरी की घटना में शामिल बताए गए हैं।
इसी क्रम में आरपीएफ और अपराध आसूचना शाखा कासगंज ने 22 अगस्त को रेलवे स्टेशन के मालगोदाम साइड से रेल संपत्ति चोरी करने वाले तीन बाल अपराधियों को पकड़ा। उनकी निशानदेही पर एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया।
- लावारिस मिले बच्चों को पहुंचाया सुरक्षित स्थान
आरपीएफ की सतर्कता से 22 अगस्त को अलग-अलग ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर सात नाबालिग बच्चे लावारिस हालत में मिले। लखनऊ, गोमतीनगर, नकहा जंगल और रुद्रपुर सिटी में मिले इन बच्चों को आवश्यक पूछताछ के बाद संबंधित चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया गया।
नकहा जंगल स्टेशन पर तीन किशोरियां, जबकि रुद्रपुर सिटी में दो बालक सुरक्षित किए गए। गोमतीनगर में 11 और 14 वर्ष के दो बालक मिले। वहीं, ट्रेन संख्या 15565 में 12 वर्षीय बालक लावारिस हालत में मिला, जिसे चाइल्ड लाइन आलमबाग को सौंपा गया।
गोरखपुर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर मिली 19 वर्षीय युवती की पहचान और पूछताछ के बाद उसे उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
रेलवे सुरक्षा बल की इस कार्रवाई से एक ओर जहां रेल संपत्ति की चोरी करने वालों पर कार्रवाई हुई, वहीं दूसरी ओर नाबालिग बच्चों की सुरक्षा और संभावित मानव तस्करी की रोकथाम की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।

No comments:

Post a Comment

Pages