वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। साइबर थाना बस्ती पुलिस ने प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रोपराइटर, डायरेक्टर और सीईओ बनकर बैंक मैनेजरों को वाट्सएप कॉल एवं मैसेज के जरिए झांसे में लेकर साइबर ठगी करने वाले गैंग के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से फर्जी मोहर, चेकबुक, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन, सिम कार्ड समेत कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 05 जुलाई 2025 को बालकराम महादेव प्रसाद सर्राफ फर्म के मालिक प्रज्जवल गुप्ता निवासी गांधीनगर, थाना कोतवाली बस्ती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दो अज्ञात व्यक्तियों ने 10-10 ग्राम के सोने के सिक्के खरीदकर ऑनलाइन माध्यम से 2,06,650 रुपये का भुगतान किया था। बाद में संबंधित ट्रांजेक्शन पर फ्रिज की कार्रवाई हुई। इस मामले में साइबर क्राइम थाना बस्ती पर धारा 319(2), 318(4) बीएनएस एवं 66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में साइबर थाना प्रभारी राम कुमार राजभर व उनकी टीम ने जांच के दौरान 22 मई 2026 को अमहट फोरलेन के पास से आरोपी विशाल वर्मा पुत्र सालिक राम वर्मा निवासी ग्राम सपहा थाना धानेपुर जनपद गोण्डा को गिरफ्तार किया। उसके पास से खुशी इंटरप्राइजेज एवं मुस्कान इंटरप्राइजेज के नाम की मोहरें, बंधन बैंक की चेकबुक, एचडीएफसी बैंक का डेबिट कार्ड, एयरटेल सिम, एंड्रायड मोबाइल, पैन कार्ड, आधार कार्ड एवं बैंक पासबुक बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उनका गिरोह गूगल एवं अन्य ओपन सोर्स माध्यमों से नामी कंपनियों और उनके प्रोपराइटर, डायरेक्टर व सीईओ की जानकारी जुटाता था। इसके बाद फर्जी वाट्सएप नंबर बनाकर संबंधित कंपनी के अधिकारी की फोटो डीपी में लगाकर बैंक मैनेजर को कॉल की जाती थी। आरोपी खुद को कंपनी का अधिकारी बताकर आरटीजीएस और एनईएफटी के जरिए खातों में रकम ट्रांसफर कराते थे। पुलिस ने बताया कि इस मामले में दो अन्य आरोपी श्रीकांत वर्मा और सोनू कुमार को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

No comments:
Post a Comment