वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
महादेवा, बस्ती। सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन और दहशत फैलाने वाले वीडियो के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना लालगंज पुलिस ने प्लास्टिक की पिस्टल (खिलौना) के साथ वीडियो बनाकर वायरल करने वाले युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम को 9 मई की शाम करीब 7 बजे सूचना मिली थी कि एक युवक हाथ में पिस्टल लेकर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा है। जांच के दौरान पता चला कि वायरल वीडियो में दिखाई गई पिस्टल असली नहीं बल्कि प्लास्टिक का खिलौना थी, जिसे युवक ने लोगों में प्रभाव और दहशत बनाने के उद्देश्य से वीडियो में प्रयोग किया था।
पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियारों अथवा हथियार जैसे दिखने वाले सामान के साथ वीडियो बनाकर वायरल करना कानून व्यवस्था के लिए खतरा बन सकता है। ऐसे कृत्यों से आमजन में भय का माहौल उत्पन्न होता है तथा युवाओं में गलत संदेश जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए आरोपी रवि पुत्र रामजी निवासी बारीघाट थाना लालगंज जनपद बस्ती, उम्र 21 वर्ष को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय रवाना कर दिया गया।
पुलिस प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक, भ्रामक अथवा भय उत्पन्न करने वाले वीडियो न बनाएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार पाठक एवं उपनिरीक्षक देवब्रत शर्मा शामिल रहे।
.jpg)
No comments:
Post a Comment