वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। यूनीक ग्लोबल एकेडमी पायकपुर में मदर्स डे बड़े ही उत्साह, उमंग और भावनात्मक माहौल के बीच मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से छात्रों की माताओं को सम्मानित कर उनके त्याग, प्रेम और समर्पण को नमन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर पूरी तरह उत्सवमय नजर आया।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक आलोक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि “मां केवल एक शब्द नहीं, बल्कि त्याग, ममता और संस्कारों की जीवंत प्रतिमूर्ति हैं। हमारे जीवन की पहली गुरु मां ही होती हैं, जो बिना किसी स्वार्थ के हमें प्रेम, अनुशासन और जीवन के सही मूल्य सिखाती हैं। मदर्स डे केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि माताओं के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और प्रेम व्यक्त करने का अवसर है। हमें हमेशा अपनी मां का आदर करना चाहिए और उनके सपनों व संघर्षों को समझते हुए उन्हें गर्व महसूस कराना चाहिए।”
प्रधानाचार्य इतेंद्र कुमार ने मातृ दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मां का स्थान पूरी सृष्टि में सर्वोच्च है। उन्होंने बताया कि मदर्स डे की शुरुआत का श्रेय एना जार्विस को जाता है, जिन्होंने अपनी मां की स्मृति में इस विशेष दिवस को मनाने की पहल की थी।
कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मां पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। आकृति, जागृति, रिचा, राज, अवनी, पलक, एंजल, दीपांशी, कृतिका, कीर्ति, श्लोक, अंशुल, समृद्धि एवं वेदांत सहित कई बच्चों ने गीत, नृत्य और भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से मां के प्रति अपना प्रेम व्यक्त किया।
इस दौरान माताओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और विद्यालय परिवार के इस सम्मानपूर्ण आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में छात्रों एवं उनकी माताओं को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन में भावनात्मक जुड़ाव, उत्साह और पारिवारिक स्नेह की सुंदर झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से कोऑर्डिनेटर नूपुर त्रिपाठी, सविता पांडेय, आराध्या, स्मिता, दीपा रानी, नाजिरा, अरुनलता, कोनिका, शिखा, प्राची सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

No comments:
Post a Comment