वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। बजाज चीनी मिल रुधौली अंतर्गत बहादुरपुर ब्लॉक के ग्राम भरवलिया, पिकोरा, कसैला, पेड़रहिया एवं कठोलिया जाट गांव में चीनी मिल के इकाई प्रमुख डॉ. जे. पी. त्रिपाठी ने पेड़ी एवं पौधे के गन्ना प्लाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कृषक राम प्रकाश पांडेय, राजा राम चौधरी, राम भवन चौधरी, संतराम यादव, राम तेज यादव, प्रेमचंद यादव एवं अभिमन्यु पांडेय के खेतों में उन्नतशील गन्ना प्रजाति 14201, 16202, 17231, 98014 तथा 0118 के जमाव का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. त्रिपाठी ने किसानों से कहा कि चीनी मिल द्वारा उपलब्ध कराई जा रही दवाओं कोराजन, बटाको एवं चक्रव्यूह का प्रयोग गन्ना फसल में अवश्य करें। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि कोराजन दवा के प्रयोग के तुरंत बाद खेत में पानी चला दें। किसानों को सलाह दी गई कि वे अपने क्षेत्रीय फील्ड सुपरवाइजर से दवा प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने किसानों को पेड़ी में यूरिया, पोटाश एवं सल्फो जिंक के प्रयोग की सलाह देते हुए कहा कि समय से उर्वरक खाद का डोज मिलने से पौधों एवं पेड़ी का बेहतर विकास होगा। साथ ही खेत में नमी बनाए रखने पर भी जोर दिया। इकाई प्रमुख ने दवा प्रयोग की विधि एवं अधिक उत्पादन के उपायों पर किसानों के साथ खेत पर उपस्थित होकर विस्तार से चर्चा की।
सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु गगन पांडे ने कहा कि इकाई प्रमुख द्वारा दिए जा रहे सुझावों का किसान पालन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि गन्ना सर्वे कार्य चल रहा है, इसलिए किसान सर्वे के दौरान अपने प्लाट पर उपस्थित होकर गन्ना सर्वे अवश्य देख लें, जिससे भविष्य में सप्लाई पर्ची मिलने में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
इस दौरान क्षेत्रीय अधिकारी प्रवीण सिंह, फील्ड सुपरवाइजर प्रेमचंद, ग्राम प्रधान संतराम, रामनाथ, शिवकुमार चौधरी, आज्ञा राम चौधरी सहित क्षेत्रीय किसान उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment