बस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डा. यशवीर सिंह की उपस्थिति में आयोजित हुई। बैठक में जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय, संकेतक बोर्ड, स्पीड ब्रेकर एवं प्रकाश व्यवस्था तत्काल कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों द्वारा ई-रिक्शा का संचालन किसी भी स्थिति में न होने पाए, इसके लिए सघन अभियान चलाया जाए। राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े अधिकारियों को दुर्घटना की स्थिति में गैस कटर, एंबुलेंस, क्रेन आदि की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अवैध कट एवं टूटी रेलिंग को शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए गए।
प्रवर्तन विभाग को हेलमेट, सीटबेल्ट, नशे में वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग तथा दोपहिया पर तीन सवारी के विरुद्ध अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया। अवैध खनन पर भी प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक डा. यशवीर सिंह ने कहा कि लापरवाही ही दुर्घटनाओं का मुख्य कारण है, इसलिए सभी को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने अवैध कट बंद करने, जरूरत अनुसार डिवाइडर लगाने तथा सड़क प्रकाश व्यवस्था सुधारने पर जोर दिया। उन्होंने ई-रिक्शा चालकों द्वारा रात्रि में लाइट न जलाने पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. राजीव निगम, आरटीओ फरीउद्दीन, आरटीओ (प्रवर्तन) सुरेश कुमार मौर्या, पीडब्ल्यूडी एवं एनएचआई के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment